डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर विगत 29/7/2026 को राजद के वरिष्ठ नेता अरमान सदरी का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था उनके निधन की खबर मिलते ही विभिन्न दलों के नेताओं, समाजसेवियों और बड़ी संख्या में लोगों ने उनके आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की।
इसी क्रम में पूर्व सांसद शहाबुद्वीन के पुत्र ओसामा शहाब भी स्वर्गीय अरमान सदरी के आवास पर पहुंचे और सदरी साहब के पुत्र शादान सदरी एवं परिवारजनों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया। उन्होंने परिवार को हौसला अफजाई करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा समाज उनके साथ है।
मौके पर क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं वर्तमान मोरवा विधायक भी मौजूद रहे। उनके साथ कई गणमान्य व्यक्तियों ने भी पहुंचकर शोक संवेदना जताई। सभी ने स्वर्गीय अरमान सदरी के राजद एवं समाज के लिए किए गए योगदान को याद किया। कार्यक्रम के दौरान दिघरुया पंचायत के पूर्व पैक्स अध्यक्ष तौफ़ीक़ आलम ने कहा कि अरमान सदरी जैसा ईमानदार, वफादार और समर्पित नेता मिलना दुर्लभ है। उन्होंने पूरी उम्र राजद एवं समाज को समर्पित कर दिया। उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। भावुक होते हुए कहा कि उनके पुत्र या परिवार को कोई ज़िम्मेदारी और सियासी मौका दिया जाए, ताकि उनके अधूरे सपनों को आंगे बढ़ाया जा सके।
तौफ़ीक़ आलम ने साफ़ शब्दों में कहा कि जब पार्टी सत्ता में हो, तब किसी आयोग की ज़िम्मेदारी उनके परिवार को दी जाए या उन्हें कोई उपयुक्त कैंडिडेंसी दी जाए। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय अरमान सदरी ने हमेशा पार्टी और समाज के लिए काम किया, ऐसे परिवार को सम्मान मिलना चाहिए। स्वर्गीय अरमान सदरी का योगदान राजद और समाज के लिए हमेशा प्रेरणा रहेगा। उनके जैसा ईमानदार और वफादार कोई नहीं था।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट