डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर (बेगूसराय)। बिहार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री एवं पूर्व सांसद तथा बछवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के दिवंगत जननेता स्व. रामदेव राय की छठी पुण्यतिथि ‘जागृति दिवस’ के अवसर पर स्मृति शेष बाबू रामदेव राय सामाजिक उत्थान सेवा संस्थान के तत्वावधान में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन वत्स सेवा समिति के सहयोग से किया गया, जिसमें क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर स्व. रामदेव राय को श्रद्धांजलि अर्पित की।

रक्तदान शिविर में कुल 33 लोगों ने रक्तदान किया। वहीं कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने स्व. रामदेव राय के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान उनके जनसेवा, समाजसेवा तथा राजनीतिक जीवन के संघर्षों और योगदान को याद किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बछवाड़ा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी एवं बेगूसराय जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष शिव प्रकाश गरीब दास ने कहा कि स्व. रामदेव राय ने अपना पूरा जीवन गरीबों, शोषितों, पीड़ितों, किसानों, मजदूरों, दलितों एवं वंचितों की आवाज बनने और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष करने में समर्पित कर दिया।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में भी स्व. रामदेव राय का महत्वपूर्ण योगदान रहा। क्षेत्र के युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अनुमंडल में आईटीआई की स्थापना कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा अपनी निजी भूमि पर कई कॉलेजों एवं शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना में योगदान देकर उन्होंने शिक्षा की अलख जगाई। इससे क्षेत्र के हजारों युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिला।
शिव प्रकाश गरीब दास ने कहा कि स्व. रामदेव राय ने अपने राजनीतिक जीवन में जनहित को सर्वोपरि रखा और क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए। कांग्रेस पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा और आम लोगों के प्रति उनका समर्पण आज भी कार्यकर्ताओं एवं समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने कहा कि ‘जागृति दिवस’ महज पुण्यतिथि मनाने का अवसर नहीं, बल्कि स्व. रामदेव राय के विचारों, संघर्षों और जनसेवा की विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प लेने का दिन है। रक्तदान शिविर इसी जनसेवा की भावना का प्रतीक है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कहा कि स्व. रामदेव राय भले ही आज शारीरिक रूप से हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार, संघर्ष और जनसेवा की भावना लोगों के बीच आज भी जीवंत है। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता ने उनके प्रति समाज के सम्मान और जुड़ाव को प्रदर्शित किया।
अंत में उपस्थित लोगों ने स्व. रामदेव राय के आदर्शों पर चलने तथा गरीब, जरूरतमंद एवं वंचित लोगों की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट