पूर्व विधायक ई सुनील रहे मौजूद।
डीएनबी भारत डेस्क
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार मंगलवार को अपनी कर्मभूमि रहुई प्रखंड पहुंचे। यहां उन्होंने सोनसा गांव में अपने पुराने एवं समर्पित जदयू कार्यकर्ता स्वर्गीय केदार बाबू और उनकी पत्नी स्वर्गीय सरस्वती देवी की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पुराने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उन्होंने आत्मीयता का परिचय दिया।

बिहार की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाने वाले पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार का रहुई से पुराना जुड़ाव रहा है। राजनीतिक जीवन की शुरुआत उन्होंने इसी क्षेत्र से की थी। यही कारण है कि वर्षों बाद भी वे अपने पुराने कार्यकर्ताओं को नहीं भूलते और समय-समय पर उनसे मिलने पहुंचते हैं।
सोनसा गांव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नीतीश कुमार ने स्वर्गीय केदार बाबू एवं उनकी पत्नी स्वर्गीय सरस्वती देवी की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जदयू कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान रहुई के कार्यकर्ताओं ने भावुक होकर नीतीश कुमार से एक बार फिर बिहार की कमान संभालने और मुख्यमंत्री बनने का आग्रह किया। इस पर नीतीश कुमार मुस्कुराते हुए हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन करते हुए आगे बढ़ गए।
मौके पर जदयू के राष्ट्रीय महासचिव इंजीनियर सुनील ने कहा कि नीतीश कुमार अपने पुराने कार्यकर्ताओं को कभी नहीं भूलते। उन्होंने कहा कि उनके लिए कार्यकर्ता ही सबसे बड़ी ताकत हैं और वे हमेशा उनका सम्मान करते हैं। यही वजह है कि आज भी वे अपने पुराने साथियों के सुख-दुख में शामिल होने और उन्हें सम्मान देने पहुंचते हैं।
डीएनबी भारत डेस्क