डीएनबी भारत डेस्क
इस वक़्त की बड़ी खबर समस्तीपुर से आ रही है जहां खानपुर थाना क्षेत्र के दिनमनपुर उत्तरी पंचायत के सुरोल गांव स्थित कब्रिस्तान में तीन संदिग्ध जिंदा बम मिलने से सनसनी फैल गयी। बम मिलने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने इसकी सूचना खानपुर पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कब्रिस्तान में पड़े तीन संदिग्ध बमों को देखकर लोगों को मौके से दूर रहने की अपील की।पंचायत के मुखिया पति डॉ. परवेज आलम ने बताया कि मस्जिद के मौलाना मजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर काले प्लास्टिक में रखी ऐसी वस्तु पर पड़ी, जो दूर से नारियल जैसी दिखाई दे रही थी। इसकी जानकारी उन्होंने उन्हें दी। इसके बाद मौके पर पहुंचकर देखा तो वहां तीन बम जैसी वस्तुएं पड़ी थीं।
इसके बाद तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी गई। इधर, सूचना पर खानपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को सुरक्षित करते हुए लोगों को संदिग्ध वस्तुओं से दूर रहने को कहा। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी सूचना दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ये संदिग्ध बम कब्रिस्तान में कैसे पंहुचा और इन्हें वहां किसने रखा।खानपुर थाना प्रभारी सह अपर थानाध्यक्ष पूनम कुमारी ने बताया कि ग्रामीणों के माध्यम से कब्रिस्तान के पास तीन बम होने की सूचना मिली थी।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो तीन संदिग्ध जिंदा बम मिले। एफएसएल टीम को सूचना दी गई है। फिलहाल लोगों को मौके से दूर रहने की अपील की गई है। बम यहां कैसे पहुंचे, इसकी जांच की जा रही है।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट