स्नेह, विश्वास और सुरक्षा का संदेश देता है भाई दूज।
डीएनबी भारत डेस्क
भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्नेह का प्रतीक भाई दूज का पर्व पूरे नालंदा जिले में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। दीपावली के दो दिन बाद कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाया जाने वाला यह पर्व भाई-बहन के रिश्ते की मिठास को और गहरा करता है। इसे यम द्वितीया और भ्रातृ द्वितीया के नाम से भी जाना जाता है।

भाई दूज के अवसर पर बहनें सुबह स्नान कर पूजा-अर्चना करती हैं और अपने भाइयों को तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करती हैं। वहीं भाई भी अपनी बहनों को उपहार देकर उनकी रक्षा और सम्मान का संकल्प लेते हैं।
घरों में इस पर्व को लेकर खास उत्साह देखने को मिलता है। मिठाइयों और पकवानों के साथ खुशियां बांटी जाती हैं। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन यमराज अपनी बहन यमुना के घर पहुंचे थे। तभी से भाई दूज मनाने की परंपरा चली आ रही है। यह पर्व भाई-बहन के अटूट प्रेम और पारिवारिक रिश्तों की मजबूती का संदेश देता है।
डीएनबी भारत डेस्क