डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर (बेगूसराय)। थाना क्षेत्र के भरडीहा गांव में पिछले दिनों हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर चंदौर बहियार से आरोपी को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी पिस्तौल बरामद की गई। साथ ही, पुलिस ने हत्याकांड में कथित तौर पर प्रयुक्त बाइक भी बरामद की है।
थानाध्यक्ष ऋषिकांत कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान मेहदौली पंचायत के छोटी बगरस गांव के वार्ड संख्या-3 निवासी सरोज सहनी के पुत्र शिवम कुमार के रूप में हुई है। वह थाना कांड संख्या 261/26 में नामजद आरोपी है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चंदौर बहियार में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके पास से देसी पिस्तौल तथा घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपी से आवश्यक पूछताछ के बाद पुलिस ने अग्रिम कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट