जंगल के नक्सलियों पर कंट्रोल,अब शहरी नक्सलियों से सावधान रहने की जरूरत
डीएनबी भारत डेस्क
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76 वें जन्मदिवस और सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे होने के मौके पर आयोजित आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम को लेकर बिहार में सियासत गरमा गई है।
महागठबंधन की ओर से कार्यक्रम को लेकर सवाल खड़े किए जाने के बाद अब बिहार शांति मिशन के अध्यक्ष सह पूर्व विधायक रामनरेश सिंह ने विपक्ष पर जोरदार हमला बोला है।रामनरेश सिंह ने कहा कि जिन्हें कोई पूछता नहीं वे अपनी राजनीतिक पहचान चमकाने के लिए आए दिन विवाद खड़ा करने की कोशिश करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोग देश को कमजोर करने और समाज में विघटन पैदा करने की राजनीति कर रहे हैं।
पूर्व विधायक ने कहा कि यही वजह है कि बंगाल, केरल समेत कई राज्यों में जनता ने ऐसे लोगों को नकार दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने जंगलों में सक्रिय नक्सली गतिविधियों पर काफी हद तक नियंत्रण किया है, लेकिन अब देश को कथित ‘शहरी नक्सलियों’ से भी सावधान रहने की जरूरत है। राम नरेश सिंह ने विपक्ष के बयानों पर निशाना साधते हुए कहा कि देशविरोधी बयानबाजी के कारण जनता ऐसे लोगों को महत्व नहीं दे रही है।
अपनी राजनीतिक पूछ बढ़ाने के लिए विवाद पैदा करने और देश में विघटन का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है।उन्होंने कहा कि ऐसे शहरी नक्सलियों से देशवासियों को सतर्क रहने की जरूरत है और राष्ट्रहित को राजनीतिक विवाद से ऊपर रखना चाहिए।
डीएनबी भारत डेस्क