एडीएम एसडीएम नगर आयुक्त समेत कई अधिकारी रहे मौजूद।
डीएनबी भारत डेस्क
लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ को लेकर नालंदा जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। छठव्रतियों की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी कड़ी में जिलाधिकारी उदिता सिंह ने बिहारशरीफ नगर निगम क्षेत्र के कई प्रमुख छठ घाटों का औचक निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने घाटों की व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।जिलाधिकारी उदिता सिंह ने टिकुलीपर, धनेश्वर घाट, मोरा तालाब, कोसुक और मनीराम अखाड़ा स्थित छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान एडीएम, एसडीएम, नगर आयुक्त समेत नगर निगम और आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
डीएम ने घाटों पर साफ सफाई, पानी की स्वच्छता, रोशनी, चेंजिंग रूम और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। वहीं छठ घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने कहा कि छठ महापर्व बिहार की आस्था, परंपरा और संस्कृति का प्रतीक है।
इस पावन पर्व पर लाखों श्रद्धालु भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। ऐसे में प्रशासन की जिम्मेदारी है कि छठव्रतियों को किसी तरह की परेशानी न हो। इसी उद्देश्य से लगातार घाटों की निगरानी की जा रही है। प्रशासन का लक्ष्य है कि इस बार छठ महापर्व श्रद्धा, भक्ति और सुरक्षा के माहौल में संपन्न हो तथा व्रतियों को भगवान भास्कर की आराधना में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
डीएनबी भारत डेस्क