भगवानपुर: अतरुआ चौक पर जलजमाव से नाराज ग्रामीणों ने चार घंटे तक किया सड़क जाम, सीओ के आश्वासन पर समाप्त हुआ धरना

DNB Bharat Desk

भगवानपुर (बेगूसराय)। तेयाय ओपी क्षेत्र के अतरुआ चौक पर जलजमाव और नाले का गंदा पानी सड़क पर बहने से परेशान ग्रामीणों का आक्रोश गुरुवार को फूट पड़ा। नाराज ग्रामीणों ने बांस-बल्ला लगाकर सड़क जाम कर दिया और धरना देकर प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया। करीब चार घंटे तक सड़क जाम रहने से आवागमन बाधित रहा।

- Sponsored Ads-

ग्रामीणों का कहना है कि भगवानपुर प्रखंड के लखनपुर एवं महेशपुर पंचायत की सीमा पर स्थित अतरुआ चौक पुल से शिव मंदिर तक नाले का निर्माण कराया गया था। पहले नाले का पानी नदी में गिरता था, लेकिन नए अतरुआ बलान नदी पुल के निर्माण के बाद पानी की निकासी बंद हो गई। इसके कारण पिछले करीब पांच महीने से नाले का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है।

भगवानपुर: अतरुआ चौक पर जलजमाव से नाराज ग्रामीणों ने चार घंटे तक किया सड़क जाम, सीओ के आश्वासन पर समाप्त हुआ धरना 2ग्रामीणों के अनुसार गंदे पानी के कारण आम लोगों, दुकानदारों और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही जलजमाव के कारण संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका भी बनी हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि समस्या के समाधान और सड़क को अतिक्रमणमुक्त कराने की मांग पहले भी कई बार उठाई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

इस संबंध में ग्रामीणों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को लिखित आवेदन देकर समस्या से अवगत कराया था। आवेदन में यह भी बताया गया है कि वर्ष 2014 में अतिक्रमण हटाने की मांग कोलेकर धरना दिया गया था। उस समय अधिकारियों ने अतिक्रमण हटाने का आश्वासन दिया था, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका।

भगवानपुर: अतरुआ चौक पर जलजमाव से नाराज ग्रामीणों ने चार घंटे तक किया सड़क जाम, सीओ के आश्वासन पर समाप्त हुआ धरना 3इधर, सड़क जाम की सूचना मिलते ही भगवानपुर अंचलाधिकारी (सीओ) रानू कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने जलजमाव की स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि जल्द से जल्द समस्या का समाधान निकालने की दिशा में पहल की जाएगी। सीओ ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम और धरना समाप्त कर दिया।

ग्रामीणों ने प्रशासन से नाले के पानी की समुचित निकासी कराने और सड़क को अतिक्रमणमुक्त कराकर समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।

- Sponsored Ads-
- Sponsored Ads-
Share This Article