स्वतंत्रता सेनानी व पूर्व मंत्री रामचरित्र बाबू के सम्मान में मकरदही में बैठक, 20 सितंबर की परिचर्चा में जुटने का आह्वान
डीएनबी भारत डेस्क
स्वतंत्रता योद्धा पूर्व मंत्री बिहार सरकार राम चरित्र बाबू के योगदान को लेकर केशावे पंचायत के मकरदही ग्राम में आम लोगों की बैठक की गई। बैठक की अध्यक्षता स्थानीय केशावे पंचायत के मुखिया गोपाल कुमार सिंह ने की। इस अवसर पर बैठक को संबोधित करते हुए बरौनी पूर्व प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष राम नरेश सिंह ने कहा की रामचरित्र बाबू का योगदान बेगूसराय के लिए अविस्मरणीय है।
बिहार को जहां एक तरफ उन्होंने बिजली और सिंचाई के क्षेत्र में समृद्ध किया। वहीं बेगूसराय को औद्योगिक राजधानी बनाने में उनका बहुत बड़ा योगदान था। आज हमारी नई पीढ़ी को उनसे परिचित होने की जरूरत है। वहीं मुखिया गोपाल कुमार सिंह ने कहा की समय के साथ बीहट के लोगों ने रामचरित्र बाबू को भुला दिया, लेकिन आज जरूरत है कि हम फिर से अपने पुरखों को याद करें। कहा कि बेगूसराय के लिए जो काम रामचरित्र बाबू ने किया है उसे जन-जन तक पहुंचाने की जरूरत है।
वहीं विमल सिंह ने कहा कि बेगूसराय को यह ध्यान देना होगा कि उनके नायक किसी से कम नहीं थे। इसलिए हमें चाहिए कि हम अपने नायक को याद करें और उनको सम्मान दें। पंचायत समिति सदस्य संतोष कुमार ने कहा कि मूर्तियों को लेकर हमारा कोई सवाल नहीं है, लेकिन जब सिमरिया गोलंबर पर मूर्तियों को स्थापित करने की बात होगी तो रामचरित्र बाबू को भुला नहीं जा सकता है। इस अवसर पर आगामी 20 सितंबर को बीहट स्थित संस्कार भवन में आयोजित परिचर्चा में भाग लेने का निर्णय लिया गया।
मौके पर विमल सिंह, नवीन सिंह, भोला सिंह, संदीप कुमार, राजेश सिंह, सुमित कुमार, बृजकिशोर सिंह, अजय सिंह, बलराम सिंह, राजीव कुमार, शारदानंद सिंह, बौद्ध सिंह, गणेश सिंह, अशोक कुमार सिंह, विमल सिंह, पंचायत समिति सदस्य संतोष कुमार, जयजय राम सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।
बेगूसराय बीहट संवाददाता धरमवीर कुमार की रिपोर्ट