डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार तेज रफ्तार के कारण लोग मौत के शिकार हो रहे हैं। ताजा मामला बलिया थाना क्षेत्र के हुसैनीचक ढाला के पास का है,

जहां तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को कुचल दिया। इस भीषण हादसे में एक युवक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।मृतक युवक की पहचान डंडारी थाना क्षेत्र निवासी स्वर्गीय रामबालक पासवान के 30 वर्षीय पुत्र नीतीश कुमार पासवान के रूप में हुई है। वहीं, घायल युवक उसका दोस्त बताया जा रहा है। इस घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि नीतीश कुमार अपने दोस्त के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर गैस लेने के लिए बलिया जा रहे थे। इसी दौरान हुसैनीचक ढाला के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि नीतीश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने पिकअप चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। चालक की पहचान मुंगेर जिले के कासिम बाजार निवासी गौतम कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया है। गौरतलब है कि बेगूसराय में सड़क हादसों का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले 12 घंटे के भीतर सड़क दुर्घटनाओं में चार लोगों की मौत हो चुकी है।
लगातार हो रहे हादसों ने एक बार फिर जिले की सड़कों पर तेज रफ्तार और यातायात व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।इधर, घटना की सूचना मिलते ही बलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
बलिया थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार ने बताया कि पिकअप चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और वाहन जब्त कर लिया गया है। चालक से पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
डीएनबी भारत डेस्क