तेघड़ा में जन्माष्टमी मेला की तैयारियों को लेकर अनुमंडल स्तरीय बैठक, सुरक्षा व सुविधाओं पर दिए गए कड़े निर्देश

DNB Bharat Desk

तेघड़ा, बेगूसराय। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेला के सफल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर शनिवार को अटल कलाम भवन, तेघड़ा में अनुमंडल पदाधिकारी नीरज सिन्हा की अध्यक्षता में अनुमंडल स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में तेघड़ा अनुमंडल के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मेला समिति के सदस्य एवं आयोजन से जुड़े अन्य लोग मौजूद रहे।

- Sponsored Ads-

बैठक में जन्माष्टमी मेला के दौरान विधि-व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अनुमंडल पदाधिकारी नीरज सिन्हा ने कहा कि जन्माष्टमी मेला तेघड़ा की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन एवं मेला समिति आपसी समन्वय के साथ पूरी तैयारी सुनिश्चित करें।

उन्होंने विधि-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मेला परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण, प्रमुख स्थानों पर निगरानी तथा यातायात को सुचारु रखने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मेला के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, असामाजिक गतिविधि अथवा अव्यवस्था पर प्रशासन की विशेष नजर रहेगी।

तेघड़ा में जन्माष्टमी मेला की तैयारियों को लेकर अनुमंडल स्तरीय बैठक, सुरक्षा व सुविधाओं पर दिए गए कड़े निर्देश 2साफ-सफाई को लेकर भी विशेष निर्देश देते हुए एसडीओ ने मेला परिसर, पूजा पंडालों, मुख्य मार्गों एवं आसपास के क्षेत्रों में नियमित सफाई कराने, पर्याप्त संख्या में कूड़ेदान रखने तथा कचरे का तत्काल उठाव सुनिश्चित करने को कहा। श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ पेयजल, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में बिजली आपूर्ति की निर्बाध व्यवस्था, जर्जर तारों एवं विद्युत व्यवस्था की जांच, अग्निशमन की तैयारी, प्राथमिक चिकित्सा एवं एंबुलेंस की व्यवस्था तथा आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। मेला क्षेत्र में महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्ग श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा भीड़ के दौरान विशेष निगरानी रखने की बात कही गई।

एसडीओ ने मेला समिति के सदस्यों से कहा कि प्रशासन द्वारा निर्धारित सभी मानकों एवं सुरक्षा निर्देशों का पालन करते हुए आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, मेला समिति एवं स्थानीय नागरिकों के सामूहिक सहयोग से जन्माष्टमी मेला को शांतिपूर्ण, सुरक्षित, स्वच्छ एवं आकर्षक बनाया जाएगा।

बैठक के दौरान मेला की तैयारियों, पूजा पंडालों की व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा एवं विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों एवं मेला समिति के सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

डीएनबी भारत डेस्क

Share This Article