बछवाड़ा के रसीदपुर में ठनका की चपेट में आने से किसान पुत्र की दर्दनाक मौत, दो मासूम बच्चियां हुईं अनाथ, बड़ा भाई गंभीर

DNB Bharat Desk

बछवाड़ा (बेगूसराय): रविवार की दोपहर रसीदपुर पंचायत के एक गरीब परिवार पर कुदरत का ऐसा कहर टूटा कि पल भर में सारी खुशियां आंसुओं के समंदर में डूब गईं। गोयला चौड़ बहियार में आकाशीय बिजली गिरने से खेत में काम कर रहे 32 वर्षीय युवक की मौके पर ही तड़पकर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका बड़ा भाई गंभीर रूप से झुलसकर अचेत हो गया। पिता की आंखों के सामने घटी इस खौफनाक घटना के बाद पूरा इलाका दहल उठा और परिजनों के करुण क्रंदन से माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया।

- Sponsored Ads-

मेहनत-मजदूरी कर लौट रहे थे, तभी काल बनकर गिरी बिजली मिली जानकारी के अनुसार, रसीदपुर पंचायत के वार्ड संख्या 3 निवासी रामचंद्र महतो रविवार को अपने तीनों बेटों— अमरजीत कुमार, रामभजन महतो और अमन कुमार के साथ करीब एक दर्जन मजदूरों को लेकर गोयला चौड़ स्थित खेत में प्याज की रोपनी कराने गए थे। दोपहर में अचानक मूसलाधार बारिश शुरू हो गई, जिससे बचने के लिए सभी लोग पास में लगे त्रिपाल के नीचे छिप गए। कुछ देर बाद बारिश थमी तो छोटा भाई अमन मजदूरों के साथ घर लौट गया।

बछवाड़ा के रसीदपुर में ठनका की चपेट में आने से किसान पुत्र की दर्दनाक मौत, दो मासूम बच्चियां हुईं अनाथ, बड़ा भाई गंभीर 2इधर, खेतों में बारिश का पानी सहेजने के लिए दोनों बड़े भाई— रामभजन और अमरजीत अलग-अलग खेतों की मेंढ़ दुरुस्त करने लगे। तभी अचानक आसमान में काले बादलों की भयानक गड़गड़ाहट हुई और कानफोड़ू धमाके के साथ तेज ठनका आ गिरा।

पिता की नजरों के सामने ही उजड़ गया संसार ठनका सीधे 32 वर्षीय रामभजन महतो पर गिरा, जिससे उसने वहीं तड़पते हुए दम तोड़ दिया। वहीं, कुछ ही दूरी पर मौजूद बड़ा भाई अमरजीत कुमार बिजली की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया और जमीन पर गिरकर अचेत हो गया। कुछ ही फासले पर खड़े बेबस लाचार पिता ने जब अपने बेटों को इस हाल में देखा, तो उनकी चीखें निकल गईं। पिता का शोर सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान और मजदूर दौड़े। ग्रामीणों की मदद से झुलसे अमरजीत को आनन-फानन में अनुमंडलीय अस्पताल दलसिंहसराय पहुंचाया गया, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।

बछवाड़ा के रसीदपुर में ठनका की चपेट में आने से किसान पुत्र की दर्दनाक मौत, दो मासूम बच्चियां हुईं अनाथ, बड़ा भाई गंभीर 3दो मासूम बच्चियों के सिर से उठा साया, रो-रोकर बेहाल हुआ परिवार ग्रामीणों ने बताया कि मृतक रामभजन ही परिवार का मुख्य सहारा था। खेती-गृहस्थी और खून-पसीना बहाकर वह बूढ़े माता-पिता, पत्नी और अपनी दो छोटी-छोटी मासूम बेटियों का पेट पालता था। घर के इकलौते कमाऊ बेटे की असमय और दर्दनाक मौत की खबर जैसे ही घर पहुंची, कोहराम मच गया। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है और वह बार-बार बदहवास होकर गिर पड़ रही है। मासूम बच्चियों को तो यह भी समझ नहीं आ रहा कि अब उनके सिर पर पिता का हाथ कभी नहीं होगा।

बछवाड़ा के रसीदपुर में ठनका की चपेट में आने से किसान पुत्र की दर्दनाक मौत, दो मासूम बच्चियां हुईं अनाथ, बड़ा भाई गंभीर 4मामले की पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष विकास कुमार राय ने बताया कि आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक युवक की मौत हुई है और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

Share This Article