डीएनबी भारत डेस्क
बरौनी: बिहार राज्य विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कर्मचारी महासंघ, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय प्रक्षेत्र, दरभंगा के आह्वान पर विश्वविद्यालय के चारों जिलों—दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर और बेगूसराय के सभी महाविद्यालयों के शिक्षकेतर कर्मचारियों ने अपनी 16 सूत्री लंबित मांगों के समर्थन में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है।

इसी क्रम में 27 जुलाई 2026 को ए.पी.एस.एम. कॉलेज बरौनी इकाई संघ तथा जिला एवं प्रक्षेत्र से आए कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों के नेतृत्व में कॉलेज के सभी शैक्षणिक व प्रशासनिक कार्य पूरी तरह बाधित कर दिए गए।हड़ताल के पहले ही दिन महाविद्यालय में कामकाज ठप रहने के कारण दूर-दराज से अपने जरूरी कार्यों और नामांकन-परीक्षा संबंधी कार्यों के लिए पहुंचे छात्र-छात्राओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
इससे आक्रोशित छात्र-छात्राओं ने कॉलेज परिसर में जमकर प्रदर्शन किया और हंगामा किया, जिससे स्थिति काफी तनावपूर्ण बनी रही।धरना-प्रदर्शन की अध्यक्षता कर रहे संघ के पदाधिकारियों ने सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि जब तक उनकी 16 सूत्री मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
इस विरोध प्रदर्शन और धरने में प्रक्षेत्र अध्यक्ष अशोक कुंवर, जिला सचिव मनोज कुमार मिश्र, धीरज कुमार, अमित कुमार, शिव प्रकाश झा, इंदु कुमारी, अजय कुमार और सुनील फलाहारी समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।
डीएनबी भारत डेस्क