2552 वें निर्वाण महोत्सव के मौके पर देशभर से जुटेंगे जैन श्रद्धालु।
डीएनबी भारत डेस्क

जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर की निर्वाण स्थली पावापुरी में उनके 2552वें निर्वाण महोत्सव को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। तीन दिवसीय यह महोत्सव 7 से 9 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा।
बिहार के राज्यपाल के अलावा कई गणमान्य लोग शामिल होंगे। निर्वाण महोत्सव की शुरुआत ध्वजारोहण ,अभिषेक एवं शोभा यात्रा के साथ प्रारंभ होगी। महोत्सव के दौरान तीन दिनों तक धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम की धूम रहेगी। महोत्सव को लेकर जैन श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
भगवान महावीर के निर्वाण दिवस के अवसर पर आयोजित इस महोत्सव में देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में जैन धर्मावलंबियों के पहुंचने की उम्मीद है। श्रद्धालु पावापुरी पहुंचकर भगवान महावीर की पूजा करेंगे। दीपावली के दिन अर्थात कार्तिक कृष्ण मास की अमावस्या को भगवान महावीर का निर्वाण हुआ था। इसी को लेकर जैन श्रद्धालुओ द्वारा इस जल मंदिर में निर्वाण लड्डू चढ़ाने की भी परंपरा है।
मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, सजावट, रोशनी तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी तैयारियां की जा रही हैं। निर्वाण महोत्सव में श्रद्धालु भगवान महावीर की सत्य, अहिंसा तथा जियो और जीने दो की शिक्षाओं को याद करेंगे।
डीएनबी भारत डेस्क