करंट लगने से 30 वर्षीय किसान की मौत, खेत में पड़ा मिला शव, गांव में मातम

DNB Bharat Desk

बेगूसराय जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के नरहरिपुर बहियार में बिजली करंट की चपेट में आने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले किसान की पहचान थाना क्षेत्र के नरहरिपुर पंचायत वार्ड-8 निवासी शिवशंकर राय के 30 वर्षीय पुत्र टुनटुन कुमार राय उर्फ झगरु राय के रूप में हुई है।

- Sponsored Ads-

घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई। मृतक की पत्नी ललिता देवी का रो-रो कर बुरा हाल है।स्थानीय लोगों के अनुसार झगरु राय पेशे से कर्मठ किसान थे और खेती-बाड़ी ही उनका मुख्य सहारा था उनके पिता शिवशंकर राय भी क्षेत्र में अच्छे किसान रहे हैं।शुक्रवार शाम लगभग 7 बजे वे धान की रोपाई के लिए खेत में कदवा करने ट्रैक्टर लेकर गए थे। उसी दौरान वे खेत की सिंचाई के लिए लगे विद्युत संचालित पम्प को भी चला रहे थे। कुछ देर बाद पम्प से पानी आना बंद हो गया। इसे ठीक करने के लिए झगरु राय ट्रैक्टर से उतरकर पम्प के पास पहुंचे, तभी वे करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

करंट लगने से 30 वर्षीय किसान की मौत, खेत में पड़ा मिला शव, गांव में मातम 2रातभर शव खेत में ही पड़ा रहा। शनिवार सुबह जब गांव के कुछ लोग घास काटने बहियार गए तो उन्होंने मतैया पोखर के पास झगरु का शव पड़ा देखा। इसके बाद पूरे गांव में घटना की खबर फैल गई। तथा घटना स्थल पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। स्वजन दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे और शव को घर लाया गया।

घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष ऋषिकांत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम नरहरिपुर गांव पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय भेज दिया है।ग्रामीण शंभू अकेला ने बताया कि झगरु राय बहुत मेहनती और अच्छे स्वभाव के व्यक्ति थे। उनकी मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है।

मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके बड़े भाई आमोद राय और मझले भाई चुन-चुन राय हैं। मां का निधन पहले ही हो चुका है तीन छोटे छोटे बच्चे भी हैं। घर का मुख्य कमाने वाला सदस्य चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Share This Article