घटना बिंद थाना क्षेत्र के छतरपुर गाँव की।
डीएनबी भारत डेस्क

नालंदा जिले के बिंद थाना क्षेत्र के छतरपुर गांव में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब झगड़ा शांत कराने पहुंचे एक अधेड़ व्यक्ति को बदमाशों ने गोली मार दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल की पहचान छतरपुर गांव निवासी स्वर्गीय सीताराम यादव के पुत्र जितेंद्र यादव के रूप में की गई है। बताया जाता है कि गांव में दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद और मारपीट हो रही थी। इसी दौरान जितेंद्र यादव दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने और मामला शांत कराने पहुंचे थे। तभी वहां पहुंचे दो बदमाशों ने अचानक उन पर फायरिंग कर दी।
गोली उनके बाएं हाथ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।गोली चलने की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और ग्रामीणों ने घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बिंद पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया।
घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए मॉडल अस्पताल, बिहारशरीफ रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही बिंद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल से घटना की जानकारी भी ली।
बिंद थानाध्यक्ष मुरली मनोहर आजाद ने बताया कि घायल का इलाज चल रहा है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
डीएनबी भारत डेस्क