नालंदा: नेपाल के एक होटल में ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की संदिग्ध मौत के मामले ने अब राजनीतिक और सामाजिक तूल पकड़ लिया है। इस घटना को लेकर बिहार के विभिन्न हिस्सों में विरोध-प्रदर्शन जारी है। इसी कड़ी में नालंदा जिले के बिहारशरीफ में छात्रों और युवाओं ने कैंडल मार्च निकालकर प्रिंस यादव को श्रद्धांजलि दी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने घटना की सीबीआई जांच कराने की मांग करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
बिहारशरीफ के श्रम कल्याण केंद्र मैदान से बड़ी संख्या में छात्र-युवाओं ने कैंडल मार्च निकाला। हाथों में मोमबत्ती और न्याय संबंधी तख्तियां लेकर युवाओं ने प्रिंस यादव की आत्मा की शांति और उनके परिजनों को न्याय दिलाने की मांग की।इस दौरान प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना था कि प्रिंस यादव की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। छात्रों ने आरोप लगाया कि घटना के कई पहलू अभी भी स्पष्ट नहीं हैं, इसलिए मामले की जांच केंद्रीय एजेंसी से कराई जानी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके।

युवाओं ने और जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए।छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने जरूरत पड़ने पर आमरण अनशन तक करने की बात कही।