डीएनबी भारत डेस्क
तेघड़ा,। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आज तेघड़ा विधानसभा क्षेत्र में हर्ल टाउनशिप मैदान से पिढौली स्थित शहीद स्थल तक भव्य तिरंगा यात्रा (मोटरसाइकिल रैली) का आयोजन किया गया। हाथों में तिरंगा, हृदय में राष्ट्रभक्ति और देशसेवा के संकल्प के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं राष्ट्रप्रेमियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ इस यात्रा में सहभागिता की।

इस अवसर पर तेघड़ा विधायक श्री रजनीश कुमार ने कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है। यह केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश के वीर सपूतों के त्याग, बलिदान और करोड़ों देशवासियों की एकता एवं गौरव का प्रतीक है। आज की तिरंगा यात्रा में जिस प्रकार लोगों का उत्साह और राष्ट्रप्रेम देखने को मिला, वह अत्यंत गौरवपूर्ण एवं प्रेरणादायी है।
श्री रजनीश कुमार ने कहा कि पिढौली शहीद स्थल तक तिरंगा यात्रा का आयोजन हमारे वीर शहीदों को नमन करने और उनके बलिदान को स्मरण करने का अवसर भी है। हमें उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए निरंतर कार्य करते रहना है।
विधायक श्री रजनीश कुमार ने इस भव्य एवं ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने वाले तेघड़ा विधानसभा के सभी मंडल अध्यक्षों, पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं समर्पित कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार एवं अभिनंदन किया।
उन्होंने कहा कि आप सभी की मेहनत, अनुशासन, संगठन के प्रति समर्पण और राष्ट्रभावना ने इस यात्रा को यादगार बना दिया। तेघड़ा की जनता और कार्यकर्ताओं की यह एकजुटता राष्ट्र के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को और मजबूत करती है।
श्री रजनीश कुमार ने क्षेत्रवासियों से आह्वान किया कि ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाएं और स्वतंत्रता दिवस के इस पावन अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति अपने सम्मान एवं गौरव को व्यक्त करें।
डीएनबी भारत डेस्क