डीएनबी भारत डेस्क
कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा), बेगूसराय के तत्वावधान में प्रखंड बरौनी अंतर्गत पंचायत बथौली के तिलरथ स्थित पुस्तकालय भवन में कृषि जनकल्याण चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों को कृषि की नवीनतम तकनीकों, सरकारी योजनाओं एवं व्यावसायिक खेती के विभिन्न आयामों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में उपस्थित उप परियोजना निदेशक, आत्मा, बेगूसराय अजीत कुमारने किसानों को खेत बचाओ अभियान के प्रति जागरूक करते हुए खेती योग्य भूमि के संरक्षण एवं मृदा स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने किसानों को आत्मा से जुड़कर व्यावसायिक खेती को बढ़ावा देने, विभागीय प्रशिक्षण प्राप्त कर कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही मशरूम उत्पादन को आयवर्धक एवं रोजगारपरक गतिविधि के रूप में अपनाने पर विशेष बल दिया।वहीं प्रखंड तकनीकी प्रबंधक, बरौनी कुन्दन कुमार ने किसानों को रबी मौसम से संबंधित विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी देते हुए वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने की सलाह दी।
उन्होंने आत्मा के माध्यम से आयोजित होने वाले कृषि प्रदर्शन (डेमोंस्ट्रेशन), किसान पाठशाला एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों के महत्व को बताया। साथ ही उद्यानिक फसलों की खेती को अपनाकर किसानों की आमदनी बढ़ाने के संभावित अवसरों पर चर्चा की।वहीं सहायक तकनीकी प्रबंधक, बरौनी ज्ञानेश्वर कुमार ने मिट्टी जांच की आवश्यकता, मृदा स्वास्थ्य के अनुरूप उर्वरकों के संतुलित एवं अनुशंसित प्रयोग तथा वैज्ञानिक पोषक तत्व प्रबंधन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने किसानों को मिट्टी जांच के आधार पर ही उर्वरकों का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया।वही कृषि समन्वयक निकेश कुमार द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में किसान सलाहकार राकेश कुमार सहित स्थानीय किसान उपस्थित रहे।चौपाल के माध्यम से किसानों को यह संदेश दिया गया कि मिट्टी का संरक्षण, वैज्ञानिक खेती, तकनीकी प्रशिक्षण एवं कृषि उत्पादों का मूल्य संवर्धन ही समृद्ध एवं आत्मनिर्भर किसान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
बेगूसराय बीहट संवाददाता धरमवीर कुमार की रिपोर्ट