20 से 11 रुपये हुई डिलीवरी फीस, विरोध में उतरे डिलीवरी बॉय।
डीएनबी भारत डेस्क

अगर आप भी ऑनलाइन शॉपिंग करते हैं और फ्लिपकार्ट, शॉप्सी या अन्य ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से सामान मंगाते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। बिहारशरीफ में डिलीवरी बॉय की हड़ताल के कारण ऑनलाइन ऑर्डर किए गए सामान की डिलीवरी प्रभावित हो गई है।
डिलीवरी कर्मियों का आरोप है कि कंपनी ने उनकी प्रति डिलीवरी मिलने वाली राशि में भारी कटौती कर दी है, जिसके विरोध में वे हड़ताल पर चले गए हैं।मामला बिहारशरीफ के रामचंद्रपुर क्षेत्र का है, जहां फ्लिपकार्ट, शॉप्सी समेत कई ऑनलाइन शॉपिंग कंपनियों के करीब 50 से अधिक डिलीवरी बॉय पिछले दो दिनों से हड़ताल पर हैं। इसका सीधा असर ऑनलाइन शॉपिंग करने वाले ग्राहकों पर पड़ रहा है।
हड़ताल के कारण सैकड़ों पार्सल गोदामों में ही पड़े हुए हैं और ग्राहकों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। डिलीवरी बॉय का कहना है कि पहले एक सामान की डिलीवरी पर उन्हें 20 रुपये का भुगतान किया जाता था, लेकिन पिछले 10 से 12 दिनों से यह राशि घटाकर महज 11 रुपये कर दी गई है। जब उन्होंने कंपनी के अधिकारियों से इस संबंध में बातचीत की तो आश्वासन दिया गया कि जल्द ही पुरानी दर बहाल कर दी जाएगी,
लेकिन कई दिन बीत जाने के बावजूद कोई बदलाव नहीं हुआ। इसी के विरोध में हम लोग हड़ताल पर हैं।”डिलीवरी कर्मियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द फैसला नहीं लिया गया तो हड़ताल आगे भी जारी रहेगी। ऐसे में ऑनलाइन शॉपिंग करने वाले ग्राहकों को अपने सामान की डिलीवरी के लिए और इंतजार करना पड़ सकता है.
फिलहाल डिलीवरी बॉय अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और कंपनी की ओर से भी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अब देखना होगा कि यह गतिरोध कब खत्म होता है और ग्राहकों को राहत कब मिलती है।
डीएनबी भारत डेस्क