डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय में मैट्रिक परीक्षा के दौरान उस वक्त अजीबो-गरीब स्थिति उत्पन्न हो गई, जब परीक्षा केंद्र पर देर से पहुंची छात्राओं को मुख्य गेट बंद मिलने पर परिजनों ने दीवार फांदकर अंदर प्रवेश करवाया।

अब इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।मामला बेगूसराय के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बलिया और महिला कॉलेज बलिया का बताया जा रहा है, जहां कुछ छात्राएं निर्धारित समय से देरी से परीक्षा केंद्र पहुंचीं। परीक्षा के तय समय के बाद मुख्य द्वार बंद कर दिया गया था।
इसी दौरान नाराज परिजनों ने छात्राओं को दीवार फांदकर परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश करवाया। दोनों ही केंद्रों से सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि छात्राएं दीवार पार कर परिसर में दाखिल हो रही हैं।बताया जा रहा है कि बेगूसराय में इन दिनों मैट्रिक की परीक्षा जारी है और समय को लेकर सख्ती बरती जा रही है।
बावजूद इसके देर से पहुंचने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई।फिलहाल दोनों वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं और परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
डीएनबी भारत डेस्क