डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय में एक संदिग्ध अवस्था में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। वही इस मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक के परिजनों ने गांव के ही रहने वाले कुछ लोगों पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है।

मामला तेघड़ा थाना क्षेत्र के काजीरसलपुर गांव का है। आपको बताते चले कि घटना तेघड़ा प्रखंड की गौरा-दो पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या एक स्थित काजीरसलपुर गांव में 60 वर्षीय हारो महतो का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान स्वर्गीय चालू महतो के पुत्र हारो महतो के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही तेघड़ा थाना अध्यक्ष क्रांति रमन, सब इंस्पेक्टर रविशंकर मिश्रा, नवीन कुमार और विकास कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना अध्यक्ष ने एसडीपीओ कृष्ण कुमार और एफएसएल टीम को भी सूचना दी। इसके बाद एसडीपीओ कृष्ण कुमार और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और बारीकी से जांच-पड़ताल शुरू की।
जांच के दौरान मृतक के गले पर रस्सी जैसे निशान पाए गए। हालांकि घटनास्थल से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हो सकी।मृतक के छोटे पुत्र विकास कुमार ने बताया कि मंगलवार की रात करीब 11 बजे पड़ोसी सियाराम महतो के साथ जमीन विवाद को लेकर कहासुनी और मारपीट हुई थी। विवाद शांत होने के बाद परिवार के लोग छत पर सोने चले गए, जबकि उनके पिता झोपड़ी में सोए थे।
बुधवार सुबह जब परिजन पीछे बने झोपड़ी के पास पहुंचे तो हारो महतो अचेत अवस्था में मिले। स्थानीय चिकित्सक को बुलाया गया, जिन्होंने उन्हें मृत घोषित कर दिया।परिजनों का आरोप है कि जमीन विवाद को लेकर पड़ोसी सियाराम महतो और उसके पुत्र मनोज कुमार ने मिलकर हारो महतो की हत्या कर दी है। वहीं गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग इसे आत्महत्या बता रहे हैं तो कुछ लोग रंजिश में हत्या की आशंका जता रहे हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं फोरेंसिक टीम की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल हारो महतो की मौत हत्या है या आत्महत्या, इसका जवाब पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा। लेकिन परिजनों के आरोपों और गले पर मिले निशानों ने इस मामले को और भी रहस्यमय बना दिया है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।
डीएनबी भारत डेस्क