डीएनबी भारत डेस्क
एनटीपीसी बरौनी में शनिवार को एनटीपीसी का 52वां स्थापना दिवस पूरे हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया। प्रशासनिक भवन प्रांगण में आयोजित मुख्य समारोह में परियोजना प्रमुख जयदीप घोष ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम की शुरुआत की और सभी कर्मचारियों, सीआईएसएफ जवानों व सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं दीं।

इसके बाद उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से एनटीपीसी गीत प्रस्तुत किया।2037 तक 244 गीगावाट क्षमता का लक्ष्यसमारोह को संबोधित करते हुए परियोजना प्रमुख जयदीप घोष ने कहा कि 7 नवंबर 1975 को स्थापित एनटीपीसी आज 91,668 मेगावाट की स्थापित क्षमता तक पहुंच चुकी है। कंपनी ने वर्ष 2032 तक 149 गीगावाट तथा वर्ष 2037 तक 244 गीगावाट क्षमता हासिल करने का लक्ष्य रखा है।
साथ ही हरित ऊर्जा पर जोर देते हुए 2032 तक 60 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके तहत परमाणु ऊर्जा, बैटरी एनर्जी स्टोरेज (BESS) और ग्रीन केमिकल्स जैसे क्षेत्रों में तेजी से काम हो रहा है।
उत्पादन व पर्यावरण मानकों में एनटीपीसी बरौनी अव्वल श्री घोष ने स्टेशन की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए बताया कि 15 दिसंबर 2018 को बीटीपीएस के अधिग्रहण के बाद कम समय में 500 मेगावाट क्षमता से नियमित उत्पादन शुरू किया गया। चालू वित्त वर्ष में बरौनी स्टेशन ने 75.50% प्लांट लोड फैक्टर (PLF) और 85% डिक्लेयर्ड कैपेसिटी (DC) दर्ज की है।
वहीं जल संरक्षण के क्षेत्र में स्टेशन की खपत मात्र 2.84 लीटर प्रति यूनिट रही, जो मानक से काफी बेहतर है। इसके अलावा 82 हजार पौधे लगाए जा चुके हैं और स्टेशन ने 91.2% राख का उपयोग (ऐश यूटिलाइजेशन) सुनिश्चित किया है।
सीएसआर से संवर रहा क्षेत्र: स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार पर जोर विद्युत उत्पादन के साथ-साथ एनटीपीसी बरौनी सामाजिक सरोकारों में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
मोबाइल मेडिकल यूनिट से ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवा, बेगूसराय के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर 89 हाई मास्ट लाइटें लगाने का कार्य और हाजीपुर सीपेट (CIPET) में 23 स्थानीय युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ने की पहल की गई है।
उत्कृष्ट कर्मियों को मिला ‘पावर एक्सेल’ सम्मान संस्थान में बेहतर योगदान के लिए छह उत्कृष्ट कर्मियों को “पावर एक्सेल” पुरस्कार से नवाजा गया।
कार्यक्रम का समापन केक काटने और नीले-सफेद गुब्बारे आसमान में छोड़कर किया गया। इस अवसर पर एनटीपीसी अधिकारी, कर्मचारी, सीआईएसएफ जवान और सहयोगी संस्थाओं के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
बेगूसराय बीहट संवाददाता धरमवीर कुमार की रिपोर्ट