डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर (बेगूसराय): प्रखंड क्षेत्र के रसलपुर पंचायत स्थित सुभाषिनी शक्तिपीठ औगान में आयोजित पांच दिवसीय काली पूजनोत्सव को लेकर शनिवार को भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। आचार्य विकास कुमार झा के नेतृत्व में मंदिर परिसर से गाजे-बाजे के साथ निकली इस शोभायात्रा में 201 कुंवारी कन्याओं ने रंग-बिरंगे परिधानों में सिर पर जल से भरा कलश धारण कर भाग लिया।

शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालु ‘जय मां काली’ के जयकारे लगाते हुए भक्ति और उत्साह के साथ आगे बढ़ रहे थे। कलश यात्रा सुभाषिनी शक्तिपीठ औगान से शुरू होकर बनहारा ढाला एवं रसलपुर होते हुए पुनः पूजा स्थल पर पहुंची। यहां पहले से मौजूद आचार्यों एवं पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश की विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके साथ ही पांच दिवसीय काली पूजनोत्सव का शुभारंभ हुआ।
पूजा समिति के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बताया कि पूजा स्थल पर भव्य एवं आकर्षक पंडाल का निर्माण कराया गया है, जहां मां काली सहित अन्य देवी-देवताओं की आकर्षक प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। श्रद्धालुओं के लिए भव्य मेले का भी आयोजन किया गया है। मेले में भंडारा, रात्रि जागरण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहेंगे। वहीं बच्चों के मनोरंजन के लिए कई प्रकार के झूले भी लगाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि 8 नवंबर को दीपावली की रात निशा पूजा के बाद मां काली का पट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोला जाएगा। पांच दिवसीय मेला 12 नवंबर को कलश विसर्जन के साथ संपन्न होगा।
कलश शोभायात्रा एवं पूजनोत्सव को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। मौके पर पूजा समिति के राहुल कुमार, रजनीश कुमार, कुंदन कुमार, चिंटू चौधरी, दीपक कुमार, राजकुमार सहित अन्य सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।
बेगूसराय भगवानपुर गणेश प्रसाद की रिपोर्ट