बिजली विभाग की लापरवाही बनी आफत: पोल से गिरी चिंगारी से भीषण आग, लाखों की संपत्ति जलकर राख

DNB Bharat Desk

भगवानपुर थाना क्षेत्र के नरहरीपुर पंचायत के नवटोल वार्ड संख्या 10 में रविवार को बिजली विभाग की घोर लापरवाही एक परिवार के लिए कहर बनकर टूट पड़ी। बिजली पोल से निकली चिंगारी ने देखते ही देखते एक घर को आग के हवाले कर दिया, जिससे लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के प्रति भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

- Sponsored Ads-

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवटोल निवासी इंदु देवी, पति दिलीप पासवान के एस्बेस्टस (टिन/छप्पर) के घर के ऊपर से गुजर रहे जर्जर बिजली तार से अचानक चिंगारी गिर गई।देखते ही देखते चिंगारी ने घर में आग पकड़ ली और कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।

बिजली विभाग की लापरवाही बनी आफत: पोल से गिरी चिंगारी से भीषण आग, लाखों की संपत्ति जलकर राख 2आग इतनी भीषण थी कि घर में रखा एक-एक सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। पीड़ित परिवार के अनुसार, बेटी की शादी के लिए बड़ी मुश्किल से जोड़े गए करीब 50 हजार रुपये नगद, लगभग तीन भरी सोने के जेवर, एक मोटरसाइकिल, टीवी, पंखा, पलंग, साइकिल, सभी बर्तन, कपड़े, अनाज समेत घर का पूरा सामान आग की भेंट चढ़ गया। कुछ ही पलों में पूरा परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया।

घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन संसाधनों के अभाव और आग की भयावहता के कारण तब तक सब कुछ जलकर राख हो चुका था। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते बिजली विभाग जर्जर तारों को बदल देता तो इस तरह की घटना नहीं होती।

बिजली विभाग की लापरवाही बनी आफत: पोल से गिरी चिंगारी से भीषण आग, लाखों की संपत्ति जलकर राख 3ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इलाके में लंबे समय से जर्जर तार और पोल लटक रहे हैं, जिसकी कई बार शिकायत की गई, लेकिन विभाग ने इसे नजरअंदाज किया। नतीजा यह हुआ कि एक गरीब परिवार की जिंदगी भर की कमाई पल भर में स्वाहा हो गई।

इस अगलगी की घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। खासकर बेटी की शादी को लेकर परिवार गहरे सदमे में है। पूर्व मुखिया गोरेलाल पासवान सहित ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से अविलंब राहत सामग्री, उचित मुआवजा देने की मांग की।

Share This Article