डीएनबी भारत डेस्क
बछवाड़ा प्रखंड क्षेत्र के चिरंजीवीपुर पंचायत में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पंचायत के न्याय सचिव के आवास पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर और माल्यार्पण के साथ की गई।

जयंती समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने शिक्षा के महत्व पर विशेष जोर दिया। समाजसेवी सुमन चौधरी और मनोज चौधरी ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा ही वह एकमात्र अस्त्र है, जिससे समाज में बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने बच्चों से पूरी लगन और ध्यान के साथ पढ़ाई करने की अपील की। इस मौके पर छात्र-छात्राओं के बीच कॉपी और कलम का वितरण किया गया, ताकि उनके भीतर शिक्षा के प्रति उत्साह बना रहे।
पूर्व प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि मुकेश महतो और सरपंच हरेराम निराला ने बाबा साहब के पदचिह्नों पर चलने का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षित बनकर ही हम उनके सपनों के भारत का निर्माण कर सकते हैं।
इस अवसर पर कालीचरण राम सहित समस्त ग्रामीण उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में वक्ताओं ने दोहराया कि “शिक्षा से बढ़कर कुछ भी नहीं है,” और इसी मंत्र को आत्मसात कर बच्चे अपने भविष्य को उज्ज्वल बना सकते हैं। ‘जय भीम’ के नारों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
डीएनबी भारत डेस्क