मामला बेगूसराय के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर वार्ड नंबर 10 का है
डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां एक युवक की संदिग्ध हालत में मौत हो गई है। वही परिजन इस मौत को हत्या बता रहे हैं और इलाके में सनसनी का माहौल है। मामला बेगूसराय के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर वार्ड नंबर 10 का है, जहां 25 वर्षीय युवक राहुल कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

मृतक की पहचान महेश सिंह के पुत्र के रूप में हुई है, जो असुरारी स्थित एक फैक्ट्री में काम करता था।बताया जा रहा है कि बुधवार की शाम राहुल अपने घर पर ही था। देर रात जब उसके पिता घर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज देने के बावजूद जब दरवाजा नहीं खुला, तो आसपास के लोग छत के रास्ते घर के अंदर पहुंचे। अंदर का नजारा देखकर सभी के होश उड़ गए—राहुल कुमार मृत अवस्था में पड़ा था।
परिजनों का आरोप है कि युवक के शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे, खासकर पीठ और अन्य हिस्सों पर गंभीर जख्म पाए गए हैं। उनका कहना है कि राहुल की पीट-पीटकर और गला दबाकर हत्या की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही सदर डीएसपी आनंद कुमार पांडे भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इस घटना के संबंध मुफस्सिल
थाना अध्यक्ष ने बताया कि युवक की मौत की सूचना मिली है। शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो पाएगा। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है।फिलहाल इस रहस्यमयी मौत ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। अब सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी है।
डीएनबी भारत डेस्क