भगवानपुर में 21 दिसंबर तक चलेगा 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान, स्कूलों में होंगे जागरूकता कार्यक्रम

DNB Bharat Desk

भगवानपुर (बेगूसराय): बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति पर प्रभावी रोक लगाने और समाज में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिले में 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान चलाया जाएगा। महिला एवं बाल विकास निगम, बिहार तथा जिला प्रशासन के निर्देश पर संचालित इस अभियान के तहत भगवानपुर प्रखंड सहित जिले के सभी सरकारी एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम और जनसंपर्क गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। यह अभियान 21 दिसंबर 2026 तक चलेगा।

- Sponsored Ads-

इसको लेकर डीपीओ एसएसए, बेगूसराय की ओर से सभी सरकारी एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। जारी पत्र में निर्देश दिया गया है कि निर्धारित गतिविधि कैलेंडर के अनुसार विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों, अभिभावकों एवं स्थानीय समुदाय को बाल विवाह के दुष्परिणामों से अवगत कराया जाए।

अभियान के तहत 27 नवंबर को विशेष रूप से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान विशेष ग्रामसभा, सामूहिक शपथ, स्थानीय स्तर पर जनजागरूकता कार्यक्रम तथा बाल विवाह की रोकथाम के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले लोगों के प्रयासों को प्रदर्शित किया जाएगा।

अभियान को सफल बनाने के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों, आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम, विद्यालयों, ग्राम पंचायतों, स्वयं सहायता समूहों, युवा समूहों, धार्मिक संगठनों, पुलिस एवं अन्य संबंधित विभागों की सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही बाल विवाह के मामलों की पहचान, रोकथाम, कानूनी प्रावधानों की जानकारी और प्रभावित बच्चों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया है।

जारी निर्देश के अनुसार बाल विवाह मुक्त भारत पोर्टल के माध्यम से लोगों को ऑनलाइन शपथ लेने की व्यवस्था भी की गई है। सभी संबंधित विभागों एवं संस्थानों को अभियान के दौरान आयोजित गतिविधियों की रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने तथा निर्धारित कार्ययोजना का प्रभावी क्रियान्वयन करने को कहा गया है।

प्रशासन का उद्देश्य सामुदायिक भागीदारी और व्यापक जनजागरूकता के माध्यम से बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करना तथा बच्चों के सुरक्षित भविष्य के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को इस अभियान से जोड़ना है।

- Sponsored Ads-
- Sponsored Ads-
Share This Article