डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय रेलवे स्टेशन और उसके आसपास के रेल क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए रेलवे प्रशासन ने बड़ा अभियान चलाया। इस दौरान भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध दुकानों और झोपड़ियों पर बुलडोजर चलाया गया।

कार्रवाई के दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला।दरअसल बेगूसराय रेलवे स्टेशन के समीप स्थित एलसी गेट संख्या 47 और 48 के पास रेलवे की जमीन पर लंबे समय से अवैध रूप से बनी दुकानों और झोपड़ियों को हटाने के लिए रेल प्रशासन ने विशेष अभियान चलाया। इस अभियान में रेलवे सुरक्षा बल, जीआरपी और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम ने जेसीबी मशीन के माध्यम से अवैध ढांचों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
जैसे ही रेलवे प्रशासन की टीम पुलिस बल और जेसीबी के साथ मौके पर पहुंची, वहां मौजूद अतिक्रमणकारियों के बीच हड़कंप मच गया। कई दुकानदार खुद ही अपना सामान समेटते नजर आए, जबकि कुछ लोगों ने प्रशासन से समय देने की मांग की, लेकिन प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई जारी रखी।रेलवे अधिकारियों के अनुसार गेट संख्या 47 और 48 के आसपास अतिक्रमण के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती थी और गेट के बंद-खुलने के दौरान ट्रेन संचालन भी प्रभावित होता था।
य
ही नहीं, अतिक्रमण के कारण रेलवे के विकास कार्यों में भी बाधा आ रही थी।अभियान का नेतृत्व खगड़िया के रेल पथ निरीक्षक राज किशोर सिंह ने किया। वहीं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सदर अनुमंडल प्रशासन की ओर से प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी अजीत कुमार गोंड भी मौके पर मौजूद रहे।रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई में कुल 266 अवैध झोपड़ियों और दुकानों को हटाया गया है। आरपीएफ बेगूसराय के निरीक्षक सह पोस्ट कमांडर अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि किसी भी संभावित विरोध से निपटने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
इस दौरान आरपीएफ के 13 अधिकारी और जवान तथा जीआरपी बेगूसराय के 2 अधिकारी और जवान पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहे।रेलवे प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा और सुचारू रेल परिचालन को ध्यान में रखते हुए यह कार्रवाई की गई है। साथ ही भविष्य में भी इस तरह की निगरानी जारी रहेगी ताकि रेलवे की जमीन पर दोबारा अतिक्रमण न हो सके।
डीएनबी भारत डेस्क