वीरपुर में जलजमाव से परेशान ग्रामीणों का अनोखा विरोध: वीरपुर में गंदे पानी के बीच काटा फीता, नाम रखा ‘गिरिराज-कुंदन वाटर पार्क’

DNB Bharat Desk

वीरपुर बाजार स्थित ढेलफेक्का गोसाईं चौक के समीप वर्षों से जारी जलजमाव की समस्या से आजिज आकर स्थानीय दुकानदारों, ग्रामीणों और विभिन्न दलों के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को एक अनोखा और तीखा सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया।

- Sponsored Ads-

प्रशासनिक उपेक्षा और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता से आक्रोशित लोगों ने जलजमाव वाले स्थल पर केंद्रीय मंत्री सह स्थानीय सांसद गिरिराज सिंह और नगर विधायक कुंदन कुमार की तस्वीर लगाकर, नारियल फोड़कर और बाकायदा फीता काटकर उस जगह का नाम समारोहपूर्वक ‘गिरिराज-कुंदन वाटर पार्क’ रख दिया।

वीरपुर में जलजमाव से परेशान ग्रामीणों का अनोखा विरोध: वीरपुर में गंदे पानी के बीच काटा फीता, नाम रखा ‘गिरिराज-कुंदन वाटर पार्क’ 2प्रदर्शन के दौरान छात्र नेता ऋषभ कुमार ने कहा कि वीरपुर बाजार के इस मुख्य मार्ग से रोजाना सैकड़ों लोग नारकीय स्थिति में गुजरने को विवश हैं। सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से लगातार आवाज उठाने के बावजूद इस गंभीर समस्या की सुध लेने वाला कोई नहीं है। वहीं स्थानीय ग्रामीण सह कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष संजीव सिंह ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वर्षों से प्रशासन को लिखित आवेदन देने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई।

वीरपुर में जलजमाव से परेशान ग्रामीणों का अनोखा विरोध: वीरपुर में गंदे पानी के बीच काटा फीता, नाम रखा ‘गिरिराज-कुंदन वाटर पार्क’ 3महज चार दिन बाद लोक आस्था का महापर्व छठ है, ऐसे में श्रद्धालु और व्रती इस मल-मूत्र युक्त गंदे पानी से होकर बलान नदी में अर्घ्य देने कैसे जाएंगे और कैसे दंडवत करेंगे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि खुद को हिंदू हृदय सम्राट बताने वाले जनप्रतिनिधि हिंदुओं की ही इस बुनियादी समस्या पर मौन साधे बैठे हैं।

मत्स्यजीवी संघ के अध्यक्ष धर्मराज सहनी ने कहा कि केवल भावनाओं के नाम पर वोट लिया जाता है, लेकिन जनता की जमीनी तकलीफों की अनदेखी की जाती है। राजद नेता सह पूर्व जिला पार्षद विपिन पासवान और रूपेश कुमार ने नाराजगी जताते हुए कहा कि पवित्र सावन में सिमरिया धाम से जल लेकर बाबा हरिगिरि धाम जाने वाले कांवरिए इसी गंदे पानी से होकर गुजरे, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर भी लाखों श्रद्धालु इसी दुर्गंध और कीचड़ के बीच दर्शन को पहुंचे, लेकिन जनप्रतिनिधियों की संवेदना नहीं जागी।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकाला गया, तो वे सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर दीपक साह, सौरभ कुमार, नीरज, सूरज, अभिषेक, ऋतिक, दिलखुश, अंकुश, मिथिलेश, मनीष कुमार और बाबू साहेब झा समेत बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और दुकानदार मौजूद थे।

- Sponsored Ads-
- Sponsored Ads-
Share This Article