डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर। रेल सुरक्षा बल (RPF) और अपराध आसूचना शाखा (CIB) की टीम ने समस्तीपुर यार्ड में खड़ी ट्रेन संख्या 02569/70 के ‘जेड एस कपलर’ (Z-S Coupler) चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस कांड में फरार चल रहे दो नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

निशानदेही पर हुई गिरफ्तारी
आरपीएफ पोस्ट कमांडर निरीक्षक अविनाश करोसिया के नेतृत्व में गठित टीम ने बीते 8 मार्च को गिरफ्तार अभियुक्त संजीत कुमार की निशानदेही पर छापेमारी की। इस दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर बहादुरपुर (वार्ड संख्या 35) निवासी कुंदन कुमार उर्फ चुना को डीआरएम कार्यालय के सामने से दबोचा गया।
कुंदन की गिरफ्तारी के बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उसके दूसरे साथी आदित्य कुमार उर्फ सोनू को कृष्णा हॉस्पिटल के पास से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान दोनों ने रेल संपत्ति चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।
इन अधिकारियों की रही मुख्य भूमिका
इस सफल कार्रवाई में जांच अधिकारी सउनि शशिकांत तिवारी, उपनिरीक्षक श्याम सुंदर कुमार, प्रधान आरक्षी राधेश्याम कुमार, आरक्षी कन्हैया कुमार, लखन कुमार और धर्मेंद्र कुमार शामिल थे। साथ ही CIB समस्तीपुर के निरीक्षक मुकेश कुमार सिंह और उनकी टीम ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी
गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों को आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक हिरासत में समस्तीपुर कारावास भेज दिया गया है। रेलवे सुरक्षा बल का कहना है कि रेल संपत्तियों की सुरक्षा के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट