पुल-सड़क बनने से 50 गांवों के हजारों लोगों को मिलेगी राहत, 12 किलोमीटर की दूरी होगी कम।
डीएनबी भारत डेस्क

बुनियादी सुविधाओं के अभाव में आज भी कई गांव विकास की राह देख रहे हैं। कहीं सड़क नहीं तो कहीं पुल के इंतजार में ग्रामीणों की जिंदगी मुश्किल बनी हुई है। ताजा मामला अस्थावां विधानसभा क्षेत्र के धरहरा गांव का है, जहां पुल और सड़क निर्माण की मांग को लेकर दर्जनों ग्रामीणों ने जेडीयू सांसद कौशलेंद्र कुमार से गुहार लगाई।
ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए सांसद खुद अधिकारियों की टीम के साथ धरहरा गांव पहुंचे और ग्रामीण कार्य विभाग के एग्जिक्युटिव इंजीनियर एवं ओवरसियर की मौजूदगी में स्थल का निरीक्षण किया। सांसद की इस पहल से दशकों पुरानी मांग पूरी होने की उम्मीद ग्रामीणों में जगी है।दरअसल, धरहरा गांव सहित आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों के लिए पुल और सड़क निर्माण आज भी एक बड़ी समस्या बनी हुई है।
बरसात के दिनों में ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर पुल और सड़क का निर्माण हो जाए तो इलाके का सीधा संपर्क स्टेट हाईवे से जुड़ जाएगा और करीब 12 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी भी कम हो जाएगी।सांसद कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि ग्रामीणों की मांग को देखते हुए अधिकारियों के साथ स्थल निरीक्षण किया गया है।
पुल और सड़क बनने से हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।वहीं ग्रामीणों ने स्थानीय जेडीयू विधायक डॉ. जितेंद्र कुमार पर चुनाव के दौरान पुल और सड़क निर्माण का वादा करने के बावजूद उसे पूरा नहीं करने का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार समस्या से अवगत कराने के बाद भी उनकी मांग पर गंभीरता नहीं दिखाई गई।
अंदी, देशना, धरहरा, मसिया, अलीपुर, मुस्तीपुर धर्मपुर, बरहोग समेत करीब 50 गांवों के हजारों लोगों की उम्मीदें अब इस पहल पर टिकी हैं। पुल और सड़क बनने से बिंद, सरमेरा, रहुई, बिहारशरीफ, पटना और मोकामा समेत कई इलाके से सीधा संपर्क आसान हो जाएगा। अब बड़ा सवाल यह है कि सांसद के निरीक्षण के बाद दशकों पुरानी यह मांग कब धरातल पर उतरेगी?
डीएनबी भारत डेस्क