कांवरियों को कोई भी असुविधा नहीं होगी,जिला प्रशासन कांवरियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर कृत संकल्पित।
डीएनबी भारत डेस्क
आगामी तीस जुलाई से श्रावणी मेला शुरू हो रहा है। श्रावणी मेला की तैयारी को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से कृत संकल्पित है। सिमरिया गंगा नदी तट से हरिगिरिधाम गढ़पुरा, अशोक धाम सहित अन्य मंदिरों में पवित्र गंगा जल भरकर महादेव को पैदल जलाभिषेक करने वाले हजारों हजार कांवरियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारी अंतिम चरण में है।

मंगलवार को सदर एसडीओ अश्विनी कुमार, सदर डीएसपी टू कुमारी दुर्गा शक्ति के नेतृत्व सिमरिया गंगा नदी तट,रिवर फ्रंट, सिमरिया धाम जाने वाले सड़क मार्ग, एनएच -31 सड़क, जीरोमाइल गोलंबर,बथौली,मैदा वभनगामा तक अधिकारियों ने निरीक्षण किया। इसके साथ ही सिमरिया धाम स्थित धर्मशाला में सदर एसडीओ अश्विनी कुमार की अध्यक्षता में पदाधिकारी की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सदर एसडीओ ने बताया कि सिमरिया गंगा नदी तट,रिवर फ्रंट पर पर्याप्त लाइट की व्यवस्था होनी चाहिए, गंगा नदी में जो खतरनाक घाट है।उसको चिन्हित कर उसकी घेराबंदी कर दिया जाए।जो सुरक्षित स्नान घाट है वहां पर मजबूत बैरीकेटिंग किया जाए।रिवर फ्रंट पर लगे सभी दुकानों को हटाने का निर्देश बरौनी सीओ, कार्यपालक पदाधिकारी नप बीहट को दिया गया।रिवर फ्रंट, स्नान घाट, सभी सड़कों की साफ सफाई नप बीहट के द्वारा किया जाएगा।
बैरियर से काली स्थान जाने वाली सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराते हुए सड़क की मरम्मती व साफ सफाई नप बीहट को करने का निर्देश दिया गया है। मुख्य सड़क की मरम्मती करने का निर्देश दिया गया है। 16 स्थाई शौचालय के बाद अस्थाई शौचालय निर्माण किया जाएगा।आठ चेंजिंग रूम बनाया जाएगा। नवनिर्मित दुकान में 13 दुकान पर सीट चढ़ाकर कांवरियों के आराम के लिए बनाया जाएगा। साथ ही तीन बड़ा पंडाल एवं एक छोटा पंडाल बनाया गया है।रिवर फ्रंट पर तीन शिफ्ट में मेडिकल टीम एम्बुलेंस के साथ रहेंगे। साथ ही कंट्रोल रूम भी काम करेगा। कांवरियों की गाड़ी और डीजे पार्किंग स्थल पर रहेगा। गंगा नदी तट पर ले जाने की इजाजत नहीं है।इसके अलावा एनएच 31 सड़क से गंगा घाट आने वाली सीढ़ी को भी बंद कर दिया जाएगा। राजेन्द्र पुल स्टेशन के पास एनएच 31 सड़क एवं जीरोमाइल गोलंबर पर बैरेकैटिग, पंडाल लगाया जाएगा। कांवरियों के गुजरने वाले मार्ग की साफ सफाई व प्रकाश की समुचित व्यवस्था की जाएगी।
इसके अलावा पपरौर, बथौली एवं मैदा वभनगामा के मुखिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि को अपने अपने क्षेत्र में सड़क की साफ सफाई एवं प्रकाश की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है। ताकि कांवरियों का जत्था जिस मार्ग से जाए।उनको किसी भी तरह की कोई परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। इस अवसर पर काला पट्टी बांध कर काम कर रहे बरौनी बीडीओ अनुरंजन कुमार , बरौनी सीओ हेमंत अंकुर, नप बीहट कार्यपालक पदाधिकारी अवनीश कुमार, कार्यपालक अभियंता ग्रामीण विकास गणेश मंडल, सहायक अभियंता जल संसाधन विभाग, विधुत विभाग, थानाध्यक्ष चकिया थाना गौतम कुमार दास सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
बेगूसराय बीहट संवाददाता धरमवीर कुमार की रिपोर्ट