लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर पात्र मतदाता का पंजीकरण जरूरी : नीरज सिन्हा
डीएनबी भारत डेस्क

तेघड़ा,विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR-2027) को लेकर शुक्रवार को अनुमंडल कार्यालय, तेघड़ा में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी, 143-तेघड़ा विधानसभा क्षेत्र नीरज सिन्हा की अध्यक्षता में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची को अद्यतन, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने तथा नए मतदाताओं के पंजीकरण को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि तेघड़ा विधानसभा क्षेत्र में कुल 339 मतदान केंद्र एवं 3,03,688 निर्वाचक हैं। इनमें 1,59,865 पुरुष, 1,43,815 महिला एवं 08 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। वर्तमान जेंडर रेशियो 900 है। निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी ने राजनीतिक दलों से अपने बूथ लेवल एजेंट को सक्रिय रखने तथा BLO के साथ समन्वय स्थापित कर पुनरीक्षण कार्य में सहयोग करने की अपील की।
बैठक में अवर निर्वाचन पदाधिकारी, तेघड़ा सुश्री ओनम कुमारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी, तेघड़ा रजनीश कुमार तथा बरौनी प्रखंड से अनुरंजन कुमार सहित सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
विशेष अभियान दिवस के तहत 21 एवं 22 नवंबर तथा 05 एवं 06 दिसंबर को सभी मतदान केंद्रों पर BLO उपस्थित रहेंगे। इस दौरान पात्र नागरिकों से प्रपत्र-6, 7 एवं 8 प्राप्त किए जाएंगे। दावा एवं आपत्तियों की अवधि 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक निर्धारित है। साथ ही 01 जनवरी, 2027 के अतिरिक्त आगामी 01 अप्रैल, 01 जुलाई एवं 01 अक्टूबर 2027 की अर्हता तिथियों के लिए भी अग्रिम आवेदन प्राप्त किए जाएंगे।
मतदान केंद्रवार जेंडर रेशियो की समीक्षा में 900 से कम जेंडर रेशियो वाले मतदान केंद्र चिह्नित किए गए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान चलाकर पात्र *महिला मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए संबंधित BLO को घर-घर जाकर महिला मतदाताओं की पहचान करने का निर्देश दिया गया है।*
*नागरिकों की सुविधा के लिए अनुमंडल कार्यालय, तेघड़ा स्थित निर्वाचन शाखा में हेल्प डेस्क भी स्थापित किया गया है, जहां मतदाता पंजीकरण एवं प्रपत्रों से संबंधित सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।*
निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी *नीरज सिन्हा ने आम नागरिकों से अपील की कि वे अपनी एवं अपने परिवार के पात्र सदस्यों की प्रविष्टियों का मतदाता सूची में सत्यापन अवश्य करें। जिन पात्र नागरिकों का नाम सूची में दर्ज नहीं है, वे प्रपत्र-6 के माध्यम से आवेदन करें तथा त्रुटियों के सुधार के लिए प्रपत्र-8 का उपयोग करें। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं, पहली बार मतदाता बनने वाले नागरिकों एवं महिलाओं से पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का अनुरोध किया।
बैठक में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अभियान का प्रचार-प्रसार करने एवं निष्पक्ष, पारदर्शी तथा त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने में सहयोग देने की अपील की गई।
डीएनबी भारत डेस्क