रिमझिम बारिश से खिले किसानों के चेहरे, रबी फसल के लिए बताया अमृत समान

DNB Bharat Desk

भगवानपुर(बेगूसराय):प्रखंड क्षेत्र में शनिवार को दिनभर हुई रिमझिम बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे। कई दिनों से आसमान में घने बादल छाए हुए थे, लेकिन बारिश नहीं हो रही थी। शनिवार को सुबह से ही घने काले बादल आसमान में छा गए, जिससे दिन में भी अंधेरा छाया हुआ था।

- Sponsored Ads-

इसके बाद शुरू हुई रिमझिम बारिश ने पूरे क्षेत्र को तर-बतर कर दिया।किसानों ने बताया कि यह बारिश रबी फसल की बुआई के लिए अमृत के समान है। खेतों में पर्याप्त नमी आ जाने से फसल जल्दी उगेगी और पौधे तेजी से बढ़ेंगे। जिन किसानों ने अभी तक बुआई नहीं की थी, उन्हें अब बुआई में काफी सहूलियत होगी।किसानों का कहना है कि इस बारिश से गेहूं, सरसों, मसूर, चना सहित सभी रबी फसलों को बहुत फायदा होगा। खेतों में नमी रहने से बीज का अंकुरण अच्छा होगा और खाद का भी पूरा लाभ मिलेगा।कई किसान जो मिर्चाई, अगता आलू और सरसों की फसल की सिंचाई करने की तैयारी कर रहे थे, वे इस बारिश के बाद सिंचाई करने से बच गए। इससे उनका डीजल, बिजली और मजदूरी का खर्च बच गया।

किसानों ने कहा कि समय पर हुई इस बारिश से फसल को नई जान मिल गई है। अगर इसी तरह एक-दो बारिश और हो जाए तो इस बार रबी की फसल बंपर होने की उम्मीद है।दिनभर हुई बारिश के कारण बाजारों में भी चहल-पहल कम रही, लेकिन किसान खुश नजर आए। गांवों में लोग बारिश का आनंद लेते दिखे। बच्चों ने भी बारिश में भीगकर मस्ती की। कुल मिलाकर शनिवार की रिमझिम बारिश प्रखंड के किसानों के लिए खुशहाली लेकर आई है।

- Sponsored Ads-
- Sponsored Ads-
Share This Article