डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर:लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ के तीसरे और सबसे मुख्य दिन छठव्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस पावन अवसर पर प्रखंड के कमला भगवानपुर स्थित ऐतिहासिक ‘देवखाल चौर’ छठ घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।

पर्व के दौरान छठी मइया से मांगी गई मन्नत पूरी होने पर कई श्रद्धालु अपने घरों से घाट तक ‘दंडवत प्रणाम’ (कष्टी) करते हुए पहुंचे, जो आस्था का मुख्य केंद्र रहा। देवखाल चौर का यह छठ घाट अपनी ऐतिहासिक और पौराणिक महत्ता के लिए क्षेत्र में प्रसिद्ध है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, इस स्थान का इतिहास महाभारत काल से जुड़ा हुआ है और इसके साथ कई रहस्यमयी मान्यताएं जुड़ी हैं।
प्रचलित मान्यता के मुताबिक, पांडवों की पत्नी द्रौपदी ने अपना पहला छठ व्रत इसी घाट पर किया था। इसी पौराणिक महत्व के कारण आसपास के कई गांवों के लोगों की इस घाट के प्रति अटूट श्रद्धा है। साफ-सफाई और व्यवस्था में जुटे रहे।
ऐतिहासिक महत्व वाले इस घाट पर व्रतियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। स्थानीय निवासी राजू सहनी हर वर्ष की भांति इस साल भी घाट की संपूर्ण साफ-सफाई, बैरिकेडिंग और विधि-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने में सक्रिय रहे। राजू सहनी ने बताया कि इस घाट की महिमा दूर-दूर तक फैली है, इसलिए हर साल यहां व्रतियों की संख्या बढ़ रही है और ग्रामीण आपसी सहयोग से पूरी व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करते हैं
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट