डीएनबी भारत डेस्क
छठ महापर्व से पहले समस्तीपुर जिले के मुसरीघरारी नगर पंचायत से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जो बिहार की असली पहचान को दिखाती है। यहां हिंदू मुस्लिम एकता मंच के साथियों ने गरीब और असहाय छठव्रती माता बहनों के घर घर जाकर साड़ी पहुंचाई। कोई मंच नहीं लगा, कोई भीड़ नहीं जुटी, बस चुपचाप सम्मान के साथ मदद पहुंचाई गई।

मुसरीघरारी नगर पंचायत में छठ की तैयारियां जोरों पर हैं। घरों में सफाई हो रही है, घाटों की सफाई हो रही है, लेकिन कुछ घर ऐसे भी हैं जहां पर्व की खुशी के साथ चिंता भी थी। छठव्रती माताओं के पास नई साड़ी का इंतजाम नहीं था।
इसी को समझते हुए हिंदू मुस्लिम एकता मंच के साथियों ने फैसला लिया कि मदद मांगने के लिए किसी मां बहन को बाहर नहीं आना पड़ेगा। मदद खुद उनके दरवाजे तक जाएगी।
मंच के साथी एक एक घर गए। गरीब और असहाय छठव्रती माताओं बहनों से मिले, उन्हें छठ की शुभकामनाएं दीं और साड़ी भेंट की। इस दौरान किसी की फोटो खिंचवाने की होड़ नहीं थी, बस एक ही भाव था, कि पर्व सबका है और सम्मान सबका बराबर है।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट