डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय. जिले में शराब तस्करों ने पुलिस और प्रशासन की आंखों में धूल झोंकने के लिए एक नया और चौंकाने वाला तरीका अपनाया है।

नगर थाना क्षेत्र के लोहिया नगर ओवरब्रिज के समीप डीआईयू (DIU) और चीता बल की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए ‘डीसीएलआर बखरी’ का लोगो लगी एक स्कॉर्पियो से भारी मात्रा में शराब बरामद की है। वाहन की तलाशी लेने पर अंदर रखे 25 कार्टन से करीब 216 लीटर शराब जब्त की गई।
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से तीन शराब कारोबारियों को भी गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र निवासी आनंद कुमार, सत्यम कुमार और बिट्टू कुमार के रूप में हुई है। जांच में यह बात सामने आई है कि जब्त की गई निजी स्कॉर्पियो को दैनिक शुल्क पर बखरी डीसीएलआर के सरकारी उपयोग के लिए लगाया गया था।
प्रशासनिक बोर्ड लगी गाड़ी से शराब की खेप पकड़े जाने के बाद अब प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है कि इस तस्करी के पीछे किसकी मिलीभगत है और सरकारी काम में लगे वाहन का इस्तेमाल अवैध धंधे में कैसे हो रहा था।
डीएनबी भारत डेस्क