डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर जिले के लखन पट्टी मटुआ गांव से एक दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां 22 वर्षीय युवक की पानी में डूबने से मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृतक की पहचान वार्ड संख्या-6 निवासी उमेश महतो के पुत्र सुमन कुमार के रूप में की गई है।

परिजनों के अनुसार, गांव के आसपास खनन माफियाओं के द्वारा अवैध रूप से मिट्टी का खनन कर बड़े-बड़े गड्ढे खोद दिए गए थे, जिनमें बारिश और अन्य कारणों से पानी भर गया था। ये गड्ढे अब स्थानीय लोगों के लिए खतरा बन गया हैं। बताया जा रहा है कि भीषण गर्मी और पानी की किल्लत के कारण युवक नहाने के लिए घर के पास स्थित इसी पानी भरे गड्ढे में गया था। नहाने के दौरान अचानक गहराई में चले जाने से वह डूब गया।
जब तक लोगों को इसकी जानकारी हुई और उसे बाहर निकाला गया, तब तक काफी देर हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और परिजनों में कोहराम मच गया। इस घटना ने एक बार फिर अवैध खनन और प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे खतरनाक गड्ढों को तत्काल भरा जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट