जानवरों से पुआल बचाने के लिए खेत में दौड़ाया करंट, 68 वर्षीय बुजुर्ग की मौत से गांव में मचा हड़कंप।
डीएनबी भारत डेस्क
हिलसा थाना क्षेत्र के रेडी गांव में खेत में बिछाए गए बिजली के तार की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग करंट लगने से झुलस गए। मृतक की पहचान रेडी गांव निवासी स्वर्गीय श्रीपति सिंह के 68 वर्षीय पुत्र केसरी कुमार के रूप में की गई है।

मृतक के पुत्र ने बताया कि पास के खेत के मालिक ने धान की कटाई के बाद खेत में बचे धान के पुआल को जानवरों से बचाने के लिए बिजली का तार बिछा रखा था। इसकी जानकारी उन लोगों को नहीं दी गई थी।इसी दौरान पिता खेत देखने जा रहे थे। इसी दौरान वे बिजली के तार की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौत हो गई।काफी देर तक जब पिता घर नहीं लौटे तो परिजन उनकी खोजबीन करते हुए खेत पहुंचे। वहां उन्हें जमीन पर गिरा हुआ पाया। जैसे ही पुत्र ने उन्हें उठाने के लिए स्पर्श किया, वह भी करंट की चपेट में आ गया। इस दौरान एक अन्य बालक को भी करंट का झटका लगा।
दोनों को इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने बुजुर्ग को मृत घोषित कर दिया।घटना की जानकारी मिलने के बाद हिलसा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल लाई।
डीएनबी भारत डेस्क