मिनी सूरत करुणाबाग में लक्ष्मी पूजा का भव्य आयोजन, व्यापारियों में दिखा उत्साह।
डीएनबी भारत डेस्क
बड़ी दीपावली पर बिहारशरीफ शहर मां लक्ष्मी की भक्ति और रोशनी में सराबोर नजर आया। देर रात तक शहर के चौक-चौराहों पर मां लक्ष्मी की प्रतिमाएं स्थापित की गईं। शुभ मुहूर्त में व्यापारियों और श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।

पूरा शहर रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा, वहीं आतिशबाजी और दीपों की चमक ने दीपावली के उत्साह को दोगुना कर दिया।बिहार शरीफ शहर के आशानगर पुल, सोहसराय, करुणाबाग, मोगलकुआं डाकबंगला मोड़ समेत शहर के कई प्रमुख स्थानों पर आकर्षक पंडाल बनाकर मां लक्ष्मी की प्रतिमा स्थापित की गई। पूजा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। शहर के चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
वहीं किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन दस्ते को भी मुस्तैद रखा गया।खासकर करुणाबाग इलाके में लक्ष्मी पूजा का विशेष महत्व देखने को मिला। आयोजकों के मुताबिक, यहां वर्ष 2001 से लगातार धूमधाम से मां लक्ष्मी की पूजा की जा रही है। व्यापारिक मंडी होने के कारण इस इलाके को मिनी सूरत के नाम से भी जाना जाता है।
यही वजह है कि यहां लक्ष्मी पूजा को लेकर व्यापारियों में खासा उत्साह रहता है। आयोजकों ने कहा कि इस बार प्रशासन की बेहतर सुरक्षा व्यवस्था से लोगों में काफी भरोसा और उत्साह देखने को मिला।
डीएनबी भारत डेस्क