डीएनबी भारत डेस्क
नालंदा में अंधविश्वास की सनक ने एक महादलित युवक की जान ले ली। मामूली टोकने और पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना सरमेरा थाना क्षेत्र के परनामा गांव की है।

मृतक की पहचान सुमंटू मांझी के रूप में हुई है।मृतक की पत्नी सीमा देवी का आरोप है कि गांव के ही रौशन मांझी और जवाहर मांझी से अंधविश्वास को लेकर विवाद चल रहा था। करीब एक साल पहले रौशन मांझी की पत्नी के बच्चे की मौत हो गई थी, जिसका जिम्मेदार सुमंटू को ठहराया जा रहा था।
दो दिन पहले भी रौशन की पत्नी को बच्चा हुआ तो अस्पताल ले जाने के दौरान सुमंटू के टोकने पर फिर विवाद हो गया। आरोप है कि देर रात सुमंटू शौच के लिए घर से बाहर निकला, तभी जवाहर मांझी ने अपने अन्य साथियों के साथ उसे घेर लिया और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटने लगे। पिटाई इतनी निर्मम थी कि उसके हाथ-पैर तक तोड़ दिए गए।
गंभीर रूप से घायल सुमंटू की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है। वहीं थानाध्यक्ष साकेंद्र कुमार ने बताया कि घटना में शामिल बदमाशों की पहचान कर ली गई है आवेदन मिलने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
डीएनबी भारत डेस्क