जिला शिक्षा पदाधिकारी ने जारी किया आदेश, जटाशंकर ठाकुर स्मृति संस्थान का कार्यकाल नहीं बढ़ाने का लिया गया निर्णय
डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर (बेगूसराय)। जिले के सरकारी विद्यालयों में साफ-सफाई एवं हाउसकीपिंग का कार्य कर रही जटाशंकर ठाकुर स्मृति संस्थान, सोनमा, बेगूसराय की सेवा पर 15 नवंबर 2026 से अगले आदेश तक रोक लगा दी गई है। इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार ने 31 अक्टूबर 2026 को कार्यालय आदेश जारी किया है।

जारी आदेश के अनुसार, विभागीय पत्रांक 04/वि-16-84/2025 (530852), दिनांक 16 सितंबर 2026 के निर्देश के आलोक में सरकारी विद्यालयों में हाउसकीपिंग एवं साफ-सफाई कार्य के लिए निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद संबंधित संस्थान का कार्यकाल आगे नहीं बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
आदेश में बताया गया है कि जिला कार्यालय के पत्रांक CIVIL/2671, दिनांक 16 नवंबर 2023 के माध्यम से हाउसकीपिंग कार्य के लिए जटाशंकर ठाकुर स्मृति संस्थान, सोनमा को कार्यादेश जारी किया गया था। इसके बाद समय-समय पर संस्थान को अवधि विस्तार दिया जाता रहा। हालांकि, 2 अप्रैल 2026 को हुए अंतिम इकरारनामे में ही स्पष्ट कर दिया गया था कि नवंबर माह में इसकी अवधि समाप्त हो जाएगी।
इसी के मद्देनजर जिला शिक्षा पदाधिकारी ने 15 नवंबर 2026 से जिले के सरकारी विद्यालयों में उक्त संस्थान के माध्यम से साफ-सफाई का कार्य अगले आदेश तक बंद रखने का निर्देश दिया है। साथ ही, संस्थान द्वारा पूर्व में किए गए कार्यों का भुगतान आवंटन की उपलब्धता के आधार पर किए जाने की बात कही गई है।
इस आदेश की प्रतिलिपि संबंधित संस्थान के अलावा जिले के सभी प्रारंभिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों, जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों, जिला पदाधिकारी तथा शिक्षा विभाग, बिहार, पटना के निदेशक (प्रशासन) को सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।
बेगुसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट