भगवानपुर के 60 और मंसूरचक के 13 केंद्रों को विद्यालय में स्थानांतरित करने की तैयारी
डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर। जिले में किराए के भवन में संचालित 73 आंगनबाड़ी केंद्रों को अब सरकारी विद्यालयों में स्थानांतरित किया जाएगा। इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय, बेगूसराय ने आदेश जारी किया है।जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (ICDS) बेगूसराय के पत्र के आलोक में यह निर्णय लिया गया है।
DPO ICDS ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को पत्र लिखकर बताया था कि किराए में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों को विद्यालय में शिफ्ट करने के लिए भगवानपुर परियोजना से 60 और मंसूरचक परियोजना से 13 केंद्रों की सूची प्राप्त हुई है।उन्होंने अनुरोध किया था कि संलग्न सूची के अनुसार इन केंद्रों को विद्यालय में स्थानांतरित करने की कृपा करें।इस पत्र के आलोक में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, प्रारंभिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान, बेगूसराय कुमार अनुभव द्वारा प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, भगवानपुर एवं मंसूरचक को निर्देश दिया गया है।निर्देश में कहा गया है कि
किराए के भवन में चल रहे आंगनबाड़ी केंद्रों को नियमानुसार स्थानांतरण हेतु संबंधित प्रधानाध्यापकों से संबंधित सरकारी विद्यालयों में पर्याप्त संख्या में कमरों की उपलब्धता के आधार पर प्रतिवेदन एवं आवश्यकतानुसार अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त करना भी सुनिश्चित करें।इसके लिए एक प्रपत्र भी निर्धारित किया गया है जिसमें विद्यालय का नाम, यू-डायस, प्रखंड, किस वर्ग तक संचालित है, सेक्शन की कुल संख्या, विद्यार्थियों की कुल संख्या, कमरों की उपलब्ध संख्या (सही स्थिति में/जर्जर स्थिति में), आंगनबाड़ी स्थानांतरण हेतु कमरों की संख्या और अभ्युक्ति का उल्लेख करना है।सूची के अनुसार
मंसूरचक प्रखंड के 13 केंद्रों में गणपतौल, गोविंदपुर, समसा, साला, बहरामपुर पंचायत के केंद्र शामिल हैं जिन्हें प्राथमिक विद्यालय अखाड़पुर, कन्या मध्य विद्यालय महदौना, रघुनंदन दास संस्कृत उच्च विद्यालय गोविंदपुर आदि में शिफ्ट किया जाना है।वहीं भगवानपुर प्रखंड के 60 केंद्रों में बनवारीपुर, किरतपुर, महेशपुर, मोलदारी, भीठसारी, दामोदरपुर, रसलपुर, काजीरसलपुर, नरहिरपुर, तकीया, लखनपुर, मोखियारपुर, संजात, मेहदौली, चंदौर, जोकिया पंचायत के केंद्र शामिल हैं, जिन्हें संबंधित पंचायत के नवीन प्रा. वि., उर्दू मध्य विद्यालय, उत्क्रमित मध्य विद्यालय आदि में स्थानांतरित करने का प्रस्ताव है।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट