डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर। केंद्र सरकार के शिक्षा मंत्रालय के स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग ने सभी सरकारी एवं प्राइवेट स्कूलों के 1ली से 12वीं कक्षा के शतप्रतिशत बच्चों का अपार आईडी बनाने का कार्य आगामी 30 जून तक पूरा करने का निर्देश दिया है।

वर्तमान में सरकारी स्कूलों के 30.77 फीसदी और प्राइवेट स्कूलों के 61.23 फीसदी बच्चों का अपार आईडी नहीं बन पाया है।
इसे गंभीरता से लेते हुए बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के राज्य परियोजना निदेशक ने राज्य के सभी जिलों के शिक्षा पदाधिकारियों को दिये निर्देश में कहा है कि समीक्षा में पाया गया कि अब तक सरकारी स्कूलों में नामांकित बच्चों में से 69.23 फीसदी एवं प्राइवेट स्कूलों में नामांकित बच्चों में से केवल 38.77 फीसदी बच्चों का ही अपार आईडी बन पाया है, जो चिंता का विषय है।
केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग ने आगामी 30 जून तक शतप्रतिशत अपार आईडी के निर्माण का निर्देश दिया है।इसके मद्देनजर जिला शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि प्रत्येक सप्ताह के शनिवार को मेगा अपार आईडी सल्यूशन कैम्प का आयोजन कर शतप्रतिशत अपार आईडी का निर्माण करायें।
प्राइवेट स्कूलों सहित सभी सरकारी स्कूलों के बच्चों का एक सप्ताह में अपार आईडी निर्माण का निर्देश दिया गया है। निर्देश में यह भी कहा गया है कि जिन बच्चों का अब तक आधार नहीं बन पाया है, उनका प्रखंड स्तर पर संचालित हो रहे आधार केंद्र में आधार बनवायें ।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट