डीएनबी भारत डेस्क
वीरपुर 3 नवंबर 2026। बिहार को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन, बेगूसराय, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग, जीविका एवं ब्रह्माकुमारी के सयुंक्त प्रयास से “नशा मुक्त बिहार अभियान” का संचालन किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को बीरपुर प्रखंड के 3 संकुल संघों में नशा मुक्ति से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की गई। इन कार्यक्रमों में 464 जीविका दीदियों ने भाग लिया और नशा मुक्त बिहार बनाने का संकल्प दोहराया।

उल्लेखनीय है कि ब्रह्माकुमारीज़ एवं बिहार सरकार के बीच हुए समझौता ज्ञापन के तहत जीविका के सहयोग से जीविका के सामुदायिक संगठनों में कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, बेगूसराय की ओर से राजयोगिनी जयश्री दीदी, स्वीटी दीदी ने लोगों को नशे के दुष्परिणामों और इससे बचाव के उपायों की जानकारी दी।इस दौरान जयश्री दीदी एवं स्वीटी दीदी ने उपस्थित लोगों को राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास भी कराया।
उन्होंने कहा कि नशे की आदत से मुक्ति के लिए केवल बाहरी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि मन की शक्ति, आत्म-अनुशासन, सकारात्मक चिंतन और दृढ़ इच्छाशक्ति भी जरूरी है। उन्होंने परिवार के सहयोग, सकारात्मक संगति और सही मार्गदर्शन को भी नशामुक्त जीवन के लिए महत्वपूर्ण बताया।कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों को सामूहिक रूप से नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। लोगों ने स्वयं किसी भी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करने, शराब, तंबाकू, गुटखा एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। साथ ही नशे की लत से प्रभावित लोगों का उपहास करने के बजाय उन्हें उचित मार्गदर्शन एवं उपचार के लिए प्रेरित करने और बच्चों एवं युवाओं को नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने की शपथ ली।

जीविका के प्रखंड परियोजना प्रबंधक शैलेश रंजन ने बताया कि 27 अक्टूबर से प्रारंभ नशा मुक्त बिहार अभियान 26 नवंबर तक चलेगा। उन्होंने बताया कि अभियान द्वारा जनमानस को हर प्रकार के नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है और यह सभी सामुदायिक संगठनों में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में जिला प्रशासन के अलावे, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग, ब्रह्मकुमारीज का विशेष सहयोग प्राप्त हो रहा है।कार्यक्रमों में जीविका के जीविका कर्मी विनोद, मुकेश, ज्योतिष सहित जीविका के कैडर एवं जीविका दीदियां बड़ी संख्या में उपस्थित थीं।
बेगुसराय वीरपुर संवाददाता गोपल्लव झा रिपोर्ट