डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की इच्छा के विरुद्ध उसकी मांग में सिंदूर भरने का मामला सामने आया है। घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है।

मामले में पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो में एक युवक लोगों की मौजूदगी में महिला की मांग में सिंदूर भरता दिखाई दे रहा है। वीडियो में महिला इसका विरोध करते हुए खुद को बचाने की कोशिश करती नजर आती है। इस दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोग युवक को रोकने का प्रयास करते भी दिख रहे हैं।हालांकि, आरोप है कि युवक लोगों के बीच से निकलकर महिला के पास पहुंचा और उसकी इच्छा के विरुद्ध सिंदूर भर दिया।
घटना के बाद महिला वहां से निकलती दिखाई देती है। हालांकि, वायरल वीडियो की पुष्टि हम नही करते है। मामले में पुरुषोत्तमपुर अन्नु पंचायत के वार्ड-2 निवासी दिनेश महतो के पुत्र कुंदन कुमार पर आरोप लगाया गया है। पीड़िता भी खानपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई गई है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर मामले को लेकर चर्चाएं हो रही हैं। घटना के संबंध में पीड़िता और उसके परिजनों ने खानपुर थाने में लिखित आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। इधर समस्तीपुर पुलिस की ओर से प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई है। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों सहित अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।सदर डीएसपी2 संजय कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर पीड़िता के द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
इस मामले में कार्यवाई करते हुए मुख्य आरोपी कुंदन कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि वीडियो में दिख रहे अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट
