हरनौत थाना क्षेत्र के माधोपुर सबनहुआ गांव की घटना
डीएनबी भारत डेस्क
इस वक्त की बड़ी खबर नालंदा से सामने आ रही है, जहां हरनौत थाना क्षेत्र के सबनहुआ माधोपुर गांव में नशे की हालत में दो युवकों द्वारा फायरिंग किए जाने से तीन लोग जख्मी हो गए। घटना में दो पुरुषों को गोली लगी है, जबकि एक महिला को गोली छूकर निकल गई।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि माधोपुर सबनहुआ गांव में दो युवक नशे की हालत में हवाई फायरिंग कर रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद सोहन बिंद और मुकेश बिंद को गोली लग गई, जबकि सुनीला देवी को गोली छूकर निकल गई। तीनों जख्मी इसी गांव के रहने वाले हैं।
जख्मी के मुताबिक, दोनों युवक नशे की हालत में लगातार फायरिंग कर रहे थे। इसी दौरान अचानक चली गोली की चपेट में तीन लोग आ गए। गोली लगने से सोहन बिंद के पैर और मुकेश बिंद की जांघ में गोली लगी है, जबकि महिला को गोली छूकर निकल गई।घटना की सूचना मिलते ही हरनौत थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एक नशेड़ी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने सभी जख्मी को इलाज के लिए बिहारशरीफ अस्पताल में भर्ती कराया है। हरनौत थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि दो पुरुषों को गोली लगी है, जबकि एक महिला मामूली रूप से जख्मी हुई है।घटना में प्रयुक्त अवैध कट्टा को बरामद किया है। घटना के पीछे का स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।वही चंडी थाना क्षेत्र के भट्टना बीघा गांव में दो पक्षों में हुए गोलाबारी और रोड़ेबाजी में एक को गोली लगी जबकि रोड़ेबाजी में चार अन्य जख्मी है।
डीएनबी भारत डेस्क