डीएनबी भारत डेस्क
खगड़िया: बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद तस्करों और शराब के शौकीनों के हौसले पस्त होने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला खगड़िया जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित ज्ञानी चौक (मथुरापुर) के पास का है, जहां बीच सड़क पर शराबबंदी कानून की खुलेआम धज्जियां उड़ती दिखाई दीं।

सड़क किनारे खड़े एक लावारिस ट्रैक्टर-ट्रॉली पर भारी मात्रा में शराब लदी हुई थी। जैसे ही स्थानीय लोगों को इसकी भनक लगी, वहां शराब लूटने की होड़ मच गई। राहगीर और स्थानीय लोग जिसे जितना मौका मिला, शराब की बोतलें और कार्टन समेटकर भागते नजर आए। इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि लोग बिना किसी डर या कानून के खौफ के शराब लूटने में व्यस्त हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि घटना के दौरान स्थानीय पुलिस पूरी तरह बेखबर रही।
यह शराब किसकी थी, कहां से लाई जा रही थी और ट्रैक्टर किसका है—इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
खगड़िया संवाददाता राजीव कुमार की रिपोर्ट